हेरिटेज नगर निगम की साधारण सभा की बैठक चढ़ी हंगामे की भेंट, 3 साल बाद भी नहीं निकला विकास का रास्ता

नगर निगम हेरिटेज की 3 साल के लंबे इंतजार के बाद बैठक हुई। मगर बैठक में विकास कार्यों से ज्यादा चर्चा कांग्रेस-बीजेपी की आपस में आरोप-प्रत्यारोप की रही। बैठक में कांग्रेस और बीजेपी पार्षद वेल में भिड़ गए। एक दूसरे के साथ मारपीट करने लगे।

Rajasthan Police 2024 03 07T141717.520 | Sach Bedhadak

Jaipur Municipal Corporation Heritage: नगर निगम हेरिटेज की 3 साल के लंबे इंतजार के बाद बैठक हुई। मगर बैठक में विकास कार्यों से ज्यादा चर्चा कांग्रेस-बीजेपी की आपस में आरोप-प्रत्यारोप की रही। बैठक में कांग्रेस और बीजेपी पार्षद वेल में भिड़ गए। एक दूसरे के साथ मारपीट करने लगे।

वहीं, कुछ कांग्रेसी पार्षदों ने विधायक गोपाल शर्मा के साथ भी धक्का-मुक्की की। बीजेपी पार्षद बीच में आ गए। दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सभा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। दरअसल, बैठक में सबसे पहले बंद माइक को लेकर हंगामा हो गया था।

कांग्रेस और बीजेपी के पार्षदों ने वेल में आकर मेयर के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। फिर हंगामे के बीच कांग्रेस और बीजेपी पार्षद मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए साइन करवाने लगे। इसके कारण हंगामा बढ़ गया। पार्षद और अधिकारी एक दूसरे से भीड़ गए। हंगामे के बीच मेयर ने एक पार्षद को बैठक से बाहर करने का आदेश दे दिया। इस बीच बीजेपी और कांग्रेस के विधायक भी साधारण सभा में पहुंच गए थे। फिर हंगामा बढ़ता गया।

राष्ट्रगान बंद करवाया, गिरफ्तारी हो- गोपाल शर्मा

सिविल लाइंस से बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने कांग्रेस विधायक रफीक खान पर देशद्रोही होने का आरोप लगाया है। शर्मा ने कहा कि जयपुर हेरिटेज नगर निगम की बैठक के दौरान अतिक्रमण और हटवाड़ा लगाने के मुद्दे पर हंगामा हो रहा था, जिसके बाद महापौर ने बैठक स्थगित करते हुए राष्ट्रगान करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान किशनपोल से कांग्रेस विधायक अभीन कागजी ने आदर्श नगर से कांग्रेस विधायक रफीक खान को ऑडियो सिस्टम का तार खींचकर राष्ट्रगान बंद कराने को कहा। इस पर रफीक खान ने तार खींचकर ऑडियो सिस्टम बंद कर दिया और राष्ट्रगान बीच में ही रुक गया।

निगम को नरक निगम बना दिया: आचार्य

हवामहल विधायक बाबा बालमुकुंद आचार्य भी साधारण सभा की बैठक में पहुंचे थे। बाबा के पहुंचते ही बैठक में जय श्री राम के नारे लगे। उनके साथ विधायक गोपाल शर्मा भी मौजूद थे। इस दौरान बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि जयपुर में नगर निगम ने नरक निगम जैसा हाल कर रखा है। जगह-जगह कचरा के देर लग रहे हैं। बहुत पीड़ा का विषय है। आखिर हम लोग कर क्या रहे हैं। नगर निगम के अधिकारी फोन भी नहीं उठाते हैं। पूरी दुनिया जयपुर की फोटो खींचकर जाती है। हमारे पार्षदों में 3 साल तक लाठी और भाटे खाए हैं। लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं चलेगी। जो काम 3 साल से नहीं हुए पहले उसी पर चर्चा होनी चाहिए।

बाल भी बांका नहीं हो सकता

सभा में पार्षदों के हमला करने के सवाल पर गोपाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं से और उम्मीद भी क्या की जा सकती है। उसका बाल भी बांका नहीं हो सकता, जिसका प्रभु रक्षक होता है। इन लोगों ने जयपुर में हालत बिगाड़ दिए हैं।