Ram Navami : जिस जगह पर पिछले नववर्ष को हुआ दंगा, उसी बाजार से निकली 4 किमी लंबी शोभायात्रा, भगवा रंग में रंगी करौली

करौली। देश प्रदेश में रामनवमी (Ram Navami) को लेकर आज बेहद उल्लास छाया रहा। जगह-जगह विशाल शोभायात्राएं निकाली गईं लेकिन जिस शोभायात्रा ने आज प्रदेश…

image 101 | Sach Bedhadak

करौली। देश प्रदेश में रामनवमी (Ram Navami) को लेकर आज बेहद उल्लास छाया रहा। जगह-जगह विशाल शोभायात्राएं निकाली गईं लेकिन जिस शोभायात्रा ने आज प्रदेश का ही नहीं पूरे देश का ध्यान खींचा वह है करौली की। वही करौली जो बीते नववर्ष के दिन सांप्रदायिक दंगे से दहल गई थी। वह भीषण दंगा जिसने पूरे देश में हाहाकार मचा दिया था। लेकिन आज रामनवमी के दिन उसी दंगे वाले बाजार के बीच से चली शोभायात्रा भगवा ध्वजाओं में 4 किलोमीटर तक विशाल जुलूस के साथ निकली। तो हर कोई देखता रह गया।

करौली नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन राजाराम गुर्जर के आह्वान पर आज करौली में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। जो मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम से शुरू हुई और गुलाब बाग सर्किल, जिला अस्पताल, हिंडौन दरवाजा, हटवाड़ा बाजार, अंबेडकर सर्किल और कलेक्ट्री चौराहा होते हुए रामस्नेही स्कूल में जाकर संपन्न हुई।

जिस बाजार से शुरू हुआ था दंगा, वहां से निकली यात्रा

इस भव्य शोभायात्रा की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि हजारों लोगों के साथ भगवा ध्वजाओं को लहराते हुए यह शोभायात्रा उसी हटवाड़ा बाजार से होकर निकली जहां बीते साल नववर्ष की शोभायात्रा में भीषण सांप्रदायिक दंगा हुआ था। शोभा यात्रा में हेलीकॉप्टर से पुष्पों की वर्षा भी की गई जो इस यात्रा का सबसे अनोखा नजारा था। शोभा यात्रा की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की तरफ से करीब हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। वहीं पूरी यात्रा के दौरान जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक नारायण सिंह टोंगस यात्रा के साथ साथ चले।

पिछले साल हुई सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर करौली का आज का दिन हाई अलर्ट मोड पर रहा। इस यात्रा में धौलपुर-करौली सांसद मनोज राजोरिया, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन राजाराम गुर्जर समेत कई नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। इस शोभायात्रा में 40 से ज्यादा मनमोहक झांकियां निकाली गई। जिसमें दो दर्जन से ज्यादा घोड़े इस्तेमाल किए गए। खुद सांसद मनोज राजोरिया घोड़ी पर बैठकर श्री राम के जयकारे लगाते हुए यात्रा के साथ साथ चल रहे थे। तो वहीं संयोजक अशोक सिंह धाभाई ट्रैक्टर चलाते हुए नजर आ रहे थे।

यात्रा में विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश उपाध्याय भी मौजूद थे। श्री राम स्नेही स्कूल पहुंचने के बाद शोभायात्रा के का साधु-संतों ने श्री राम जी की आरती और हनुमान चालीसा गाकर यात्रा का समापन कराया। इसके बाद यात्रा के सफलतापूर्वक संपन्न होने को लेकर जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने सभी लोगों का धन्यवाद दिया।

बीते नववर्ष के दिन सांप्रदायिक दंगे को लेकर करौली का शासन प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस ने शहर में कई दिन पहले से ही फ्लैग मार्च निकालते हुए लोगों से शांति सद्भावना बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा सांप्रदायिक रूप से बेहद संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *