Bhopal : भोपाल में जिला पंचायत चुनाव के दौरान गहमागहमी का माहौल बन गया। इस बवाल में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक पुलिस कर्मी का कॉलर तक पकड़ लिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद से ही कांग्रेस भाजपा के निशाने पर आ गई।
एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि “ऐसा अशोभनीय व्यवहार किसी पूर्व मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता। वे पुलिस का कॉलर पकड़ रहे हैं। कलेक्ट्रेट के गेट को धक्का दे रहे हैं। यह अधिकार उन्हें किसने दिया? यह सिर्फ कांग्रेस की बौखलाहट का प्रतीक है। जमीन खिसक गई तो गालियां दो, कॉलर पकड़ो, मैं इसकी घोर निंदा करता हूं।”
दरअसल भोपाल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा औऱ कांग्रेस आमने-सामने आ गईं थीं। शिवराज सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह कुछ साथियों के साथ अपनी गाड़ी में पहुंचे थे, तभी दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री सुरेशष पचौरी उनकी गाड़ी के सामने आ गए।
इस दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा अपने साथियों को लेकर अंदर चले गए लेकिन दिग्विजय सिंह और दूसरे कांग्रेस नेताओं ने भी अंदर जाने की कोशिश की। तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका। इसी दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस वालों के साथ धक्का-मुक्की कर दी। इसी दौरान दिग्विजय सिंह ने एक पुलिस कर्मी का कॉलर पकड़ लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।