नैरोबी। दक्षिण-पूर्वी केन्या में पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। इस हादसे में नाव में सवार 3 लोगों की मौत हो गई। बता दें कि यह हादसा शनिवार को हुआ, जब नौका के पलट जाने से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति लापता हो गया। इसको लेकर पुलिस ने जानकारी दी।
हादसे के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में करीब 29 लोग पानी में डूब गए थे। वहीं करीब दो दर्जन लोगों को बचा लिया गया है। हालांकि नौका के पानी में डूबने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। खबर मिली है कि इस नाव में 15 विदेशी नागरिकों समेत 29 लोग सवार थे।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा वाटामु मरीन नेशनल पार्क एंड रिजर्व में हुआ। जहां मोम्बासा के उत्तर में तट के पास एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर नाव पलट गई। वहीं मालिंदी सब काउंटी के पुलिस उप कमांडर सोलोमन ओदेरो ने बताया कि नाव में सवार 25 लोगों को बचा लिया गया है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि क्षमता से अधिक लोगों के नाव में सवार होने के कारण यह हादसा हुआ। जबकि सोलोमन ओदेरो ने इन खबरों को खारिज कर दिया है। वहीं नाव में सवार विदेशी नागरिकों की राष्ट्रीयता का खुलासा भी नहीं किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
(Also Read- तुर्की की जासूसी कर रहे एलियन! रहस्यमय बादल को लोग बता रहे UFO)