पंकज सोनी,जयपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस का सितम जारी है।तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों के हाल हुए बेहाल हो रहे है। पिछले करीब एक सप्ताह से दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश के सभी जिलों में दिन का पारा जहां 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, तो वहीं करीब आधा दर्जन जिलों में दिन का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है। वहीं, दूसरी ओर दिन का तापमान भी करीब सभी जिलों में 20 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आने वाले दिनों में जहां दिन और रात के तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग जयपुर के अनुसार वर्तमान में राज्य के अधिकांश स्थानों का अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है जो कि औसत से करीब 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सभी जिलों में रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया है। दिन के साथ ही रात में भी बाड़मेर का पारा 27.1 डिग्री दर्ज किया गया। यहां प्रदेश में सबसे गर्म रात रही। प्रदेश के करीब आधा दर्जन जिलों में रात का पारा 24 डिग्री के पार दर्ज पहुंच गया है। राजधानी जयपुर में भी बीती रात 24 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अभी यह बढ़ोत्तरी जारी रहेगी। जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में आगामी एक सप्ताह के दौरान कोई नया मौसमी तंत्र विकसित नहीं होने से मौसम पूर्णतया शुष्क बना रहेगा तथा पश्चिमी हवाएं प्रभावी रहेंगी। राज्य में चल रहे हीटवेव का दौर आगामी पांच दिनों तक जारी रहेगा। प्रदेश में आने वाले दिनों में जहां दिन और रात के तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है, तो वहीं करीब एक दर्जन जिलों में भीषण लू असर दिखाई देगा।