राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ (Dharmendra Singh Rathore) ने कहा कि भाजपा प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़कर तनाव पैदा कर रही है। उन्होंने प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने करौली में कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया है। भाजपा हिंदुत्व के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है।
राठौड़ ने कहा कि (Dharmendra Singh Rathore) करौली में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। लेकिन भाजपा हिंदुत्व के नाम पर इसे अलग मोड़ देने का प्रयास कर रही है। मगर प्रदेश में उनके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) की कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से षड़यंत्र रचाया जा रहा है। जिसमें नाकाम होने के बाद अब भाजपा खिसियानी बिल्ली खंबा नोंचे की तर्ज पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि रामनवमी पर जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं वहां दंगे भड़के, जबकि राजस्थान में सभी समुदायों ने साथ मिलकर इस त्यौहार को मनाया। साथ ही रामनवमी के जुलूसों का हिन्दू, मुस्लिम, सिख समेत तमाम धर्मों, वर्गों के लोगों ने स्वागत किया।