उदयपुर। पहली बार भारत की मेजबानी में होने जा रही जी-20 शेरपा मीटिंग का आगाज हो गया है। लेकसिटी में रविवार शाम को भारत के शेरपा अमिताभ कांत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रथम शेरपा सम्मेलन की शुरुआत की। साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सीएस उर्षा शर्मा की जमकर तारीफ की। होटल लीला पैलेस में पत्रकारों से रूबरू होते हुए अमिताभ कांत ने उदयपुर में शेरपा सम्मेलन के लिए की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए सीएम अशोक गहलोत और मुख्य सचिव उषा शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार द्वारा की गई उदयपुर की साफ-सफाई, रंग रोगन और अन्य व्यवस्थाएं वाकई काबिले तारिफ है।
अमिताभ कांत ने कहा कि भारत के लिए G-20 की अध्यक्षता बेहद खास है। क्योंकि पूरी दुनिया में अलग-अलग इशू पर चर्चा करना बेहद जरूरी है। दुनिया में 200 मिलियन लोग गरीबी के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। कोरोना काल में करीब 100 मिलियन लोगों की नौकरी चली गई। भारत का नेतृत्व अच्छा हो, इस पर फोकस रहेगा। 12 कार्यकारी समूह 12 मंत्रालयों के इशू नोट पर दो दिन चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इकोनॉमिक्स, सस्टेनेबल ग्रोथ, ग्रीन डेवलपमेंट, डिजिटल ट्रांस्फार्मिंग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही महिला केन्द्रित विकास पर भी खास फोकस रहेगा।
शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि दुनिया के कई बड़े इमर्जिंग मार्केट G-20 संगठन में है। G-20 दुनिया के बड़े भाग का प्रतिनिधित्व करता हैं। दुनिया की 85 प्रतिशत GDP, 78 प्रतिशत ग्लोबल ट्रेड और 90 प्रतिशत पेटेंट G-20 देशों के पास है। G-20 समूह दुनिया की दो तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। G-20 संगठन ने कई वैश्विक समस्याओं पर दुनिया की मदद की है। G-20 के माध्यम से भारत के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
बता दें कि चार दिन तक चलने वाली G20 शेरपा मीटिंग में यूरोपीय संघ और नौ विशेष आमंत्रित देशों समेत 19 देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। उदयपुर के महाराणा प्रताप हवाई अड्डे पर पधारे विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और G20 शेरपा का स्वागत किया गया। राज्य के पर्यटन विभाग ने शेरपा बैठक में आने मेहमानों के एयरपोर्ट पर स्वागत से लेकर चार से सात दिसम्बर तक विभन्नि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। अमिताभ कांत ने ट्वीट किया कि राजस्थान का शाही राज्य अपने शानदार आतिथ्य और ऐतिहासिक वैभव के लिए विश्व प्रसिद्ध है। राजस्थान के उदयपुर से G20 India के लिए अतिथि देवो भव की हमारी भारतीय परंपरा को प्रदर्शित करना एक प्रतीकात्मक शुरुआत है। हम जी-20 परिवार का हमारे घर में स्वागत करते हैं।