शोक में डूबा राजपूत समाज, लोकसभा अध्यक्ष सहित प्रदेश के नेताओं ने कालवी के निधन पर जताया दुख

कालवी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ सहित कई नेताओं ने शोक जताया है।

Lokendra Singh Kalvi01 | Sach Bedhadak

जयपुर। श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी (Lokendra Singh Kalvi) का देर रात निधन हो गया। उन्हें हार्ट अटैक के बाद सोमवार को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां देर रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। कालवी का अंतिम संस्कार आज दोपहर 2.15 बजे नागौर जिले में उनके पैतृक गांव कालवी में किया जाएगा। इधर, उनके निधन की खबर सुनते ही प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गई। पूरा राजपूत समाज शोक में डूब गया है। कालवी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ सहित कई नेताओं ने दुख प्रकट करते हुए शोक जताया है।

ओम बिरला बोले-वंचितों की सशक्त आवाज थे कालवी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट किया कि करणी सेना के संस्थापक, समाज सेवी लोकेंद्र सिंह कालवी जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सार्वजनिक जीवन में विविध क्षेत्रों में कार्य करते हुए उन्होंने समाज पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। वे कमजोर और वंचितों की सशक्त आवाज भी थे। दुख की इस घड़ी में परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति

राजे बोलीं-सेवाभावी कार्यों के लिए सदैव याद किए जाएंगे कालवी

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया कि श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक आदरणीय लोकेंद्र सिंह कालवी जी के परलोकगमन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे अपनी समाजसेवा एवं सेवाभावी कार्यों के लिए सदैव याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें।

निधन की खबर दुखद : राठौड़

विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट किया कि श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी आदरणीय श्री लोकेन्द्र सिंह कालवी जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
।।ॐ शांति ।।

परिजनों को इस वज्रपात को सहने की क्षमता प्रदान करें : राठौड़

आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने ट्वीट किया कि वरिष्ठ समाजसेवी एंव श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक आदरणीय श्री लोकेन्द्र सिंह जी कालवी का देवलोकगमन समाचार दुःखद है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें एंव परिजनों को इस वज्रपात को सहने की क्षमता प्रदान करें।

कालवी ने बनाया अलग मुकाम : पूनिया

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट किया कि श्री राजपूत करणी सेना के प्रेरक और समाज में अपने कार्यों से अलग मुकाम बनाने वाले लोकेंद्र सिंह कालवी जी का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर से उनके मोक्ष की प्रार्थना करते हुए परिजन और उनके संगठन से जुड़े लोगों के लिए संवेदना व्यक्त करता हूं,ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने का साहस दे।

ये खबर भी पढ़ें:-करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र कालवी का निधन, 1999 में BJP से नाता तोड़ चुनी थी समाज सेवा की राह, किए थे कई बड़े आंदोलन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *