छबड़ा दंगे के आरोपी CM की रोजा इफ्तार पार्टी में कैसे पहुंचे? सिंघवी ने किया सवाल तो हंगामा करते मदन दिलावर को स्पीकर जोशी ने दी ‘लास्ट वॉर्निंग’

विधानसभा में आज छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने 11 अप्रैल 2021 को हुए सांप्रदायिक दंगे मामले पर शांति धारीवाल से सवाल पूछा, जिसका जवाब…

image 88 1 | Sach Bedhadak

विधानसभा में आज छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने 11 अप्रैल 2021 को हुए सांप्रदायिक दंगे मामले पर शांति धारीवाल से सवाल पूछा, जिसका जवाब देते-देते शांति धारीवाल और प्रताप सिंह सिंघवी में बहस हो गई। इसके बीच में अध्यक्ष सीपी जोशी को आना पड़ा। सवाल-जवाब को लेकर भाजपा विधायकों ने हंगामा किया, तो विधायक मदन दिलावर पर सीपी जोशी भड़क गए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि आपका इस तरह का सदन में बर्ताव बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, मैं आपको आखिरी बार चेतावनी दे रहा हूं।

दंगे के मुख्य आरोपी खुलेआम क्यों घूम रहे हैं ?

दरअसल प्रताप सिंह सिंघवी ने शांति धारीवाल से पूछा कि छबड़ा के सांप्रदायिक दंगे के आरोपी अब तक खुलेआम क्यों घूम रहे हैं? उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है ? उनके इस तरह बाहर घूमने और दबंगई दिखाने पर लोगों में भय का माहौल है।

इस पर शांति धारीवाल ने जवाब दिया कि छबड़ा में 11 अप्रैल 2021 को हुआ दंगा बेहद गंभीर था। इसमें 24 मामले दर्ज किए गए, जिसमें से 22 मामले तो सिविलियंस ने दर्ज किए थे तो वहीं दो थाना अधिकारियों ने दर्ज किए थे। जिसमें 152 लोग आरोपित किए गए थे। इसके बाद 110 लोगों का नाम और जोड़ा गया था। कुल 289 आरोपियों में से 85 को दोषी नहीं माना गया सिर्फ 204 लोगों को दोषी माना गया। इसके बाद जांच के बाद 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि इसमें से 63 लोग हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत पर हैं। इनमें 23 आदमी बचे हैं। इन 23 लोगों के लिए सिंघवी जी पूछ रहे हैं कि उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? तो मैं आपको बता दूं कि गिरफ्तारी में थोड़ा समय लगता है।

गिरफ्तारी में 2 साल का समय लगता है क्या?

इस पर प्रताप सिंह सिंघवी ने कहा कि आरोपियों के गिरफ्तार होने में 2 साल का समय लगता है क्या ? और आरोपी होने के बावजूद वे मुख्यमंत्री की रोजा इफ्तार पार्टी में कैसे पहुंचे? आप जवाब दे दें। यह सर्वविदित है कि बिना कलेक्टर की परमिशन के कोई भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं आ सकता और जिस दौरान येलोग इफ्तार पार्टी में शामिल हुए उस समय तो ये जमानत पर भी नहीं थे।

1000 लोग बुलाए जाएं तो 2000 आ जाते हैं…

इतने में धारीवाल ने जवाब दिया कि अब पार्टी में अगर 1000 लोगों को इनवाइट किया जाता है तो उसमें 2000 लोग चले आते हैं। लोगों के साथ उनके सगे-संबंधी, उनके साथ भी आ जाते हैं, इसका इनविटेशन सीएमओ से नहीं गया है, अगर गया हो तो आप मुझे बता दें।

कलेक्टर के यहां से गए थे नाम

इस पर प्रताप सिंह सिंघवी ने कहा इनविटेशन नहीं जाता, इनविटेशन तो कलेक्टर के यहां से आता है। कलेक्टर के यहां से नाम जारी किए जाते हैं कि यह लोग सीएम के कार्यक्रम में जाएंगे। तो कलेक्टर ने इन लोगों को वहां क्यों भेजा इसका जवाब तो आप ही दे सकते हैं।

मदन दिलावर को स्पीकर की आखिरी ‘वॉर्निंग’

इतने में दोनों ही विधायकों के बीच बहस होने लगी। इसे लेकर अध्यक्ष सीपी जोशी को बीच-बचाव करना पड़ा, इतने में मदन दिलावर समेत भाजपा विधायक हंगामा काटने लगे। इस पर सीपी जोशी ने कड़ी नाराजगी जताई और मदन दिलावर को चेतावनी देते हुए कहा कि मैं आपसे आखिरी बार कह रहा हूं कि इस तरह आपका बर्ताव सदन में बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगली बार मैं आप पर कड़ी कार्रवाई करूंगा। सदन में बोलने तक नहीं दूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *