राहुल गांधी के आवास पर पुलिस पहुंचने पर भड़के CM गहलोत, बोले-इनकी हिम्मत कैसे? इंदिरा के जमाने में भी की थी ऐसी हिमाकत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर पुलिस पहुंचने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।

CM Gehlot 2 | Sach Bedhadak

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर पुलिस पहुंचने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। अमित शाह पर आरोप लगाते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि बिना गृह मंत्रालय और बिना ऊपर के निर्देश के यह संभव नहीं कि पुलिस यहां तक पहुंचे। जब राहुल गांधी ने कह दिया कि उन्हें नोटिस मिला है वे उसका जवाब देंगे, इसके बावजूद पुलिस यहां पहुंची है। आखिर इनकी हिम्मत कैसे हो गई कि यह यहां तक पहुंच गए। इंदिरा के जमाने में भी ऐसी हिमाकत की गई थी, लेकिन इन लोगों को मुंह की खानी पड़ी थी।

सीएम गहलोत ने मीडिया से कहा कि दिल्ली पुलिस का राहुल गांधी के घर के अंदर घुसना निंदनीय है। आज की हरकत बेहद गंभीर है। पूरा देश इनकी हरकतों को देख रहा है देश इन्हें माफ नहीं करेगा। आज लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। देश बीजेपी को माफ नहीं करेगा। बीजेपी देश को बर्बाद करने पर तुली हुई है। ये फासिस्ट लोग हैं, लोकतंत्र की भाषा नहीं समझते और लोकतंत्र का चोला ओढ़कर ऐसे कृत्य कर रहे हैं। इनको देश के संविधान और लोकतंत्र से कोई मतलब नहीं है। देश की एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। ज्यूडिशरी आज दबाव में काम कर रही है। देश की जनता को आगे आना पड़ेगा।

अमित शाह पर गहलोत ने लगाया ये आरोप

सीएम गहलोत ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बिना अमित शाह की इजाजत के दिल्ली पुलिस राहुल गांधी के घर नहीं घुस सकती। अगर यात्रा के दौरान कोई फीडबैक मिले। उसके बारे में बताए, उसके बावजूद भी केस दर्ज किया कोई बात नहीं। क्योंकि ये पुलिस का अधिकार है। जब राहुल गांधी ने कहा दिया कि नोटिस मुझे मिल गया है। मैं इसका जवाब दूंगा। इसके बाद भी पुलिस का राहुल गांधी में घुसना, ये इंदिरा गांधी का जमाना याद दिलाता है। जब इंदिरा गांधी के जमाने में इस तरह की हरकतें हुई थी। उनका परिणाम क्या निकला था। इंदिरा गांधी के जमाने में ऐसी हिमाकत हुई थी तो मुंह की खानी पड़ी थी, सबको पता है। आज जो घटना हुई है, वो मामूली नही है। जब राहुल गांधी नोटिस का जवाब देने के लिए तैयार है, उसके बाद भी इनकी पुलिस को उनके घर भेजने की कैसे हिम्मत हो गई। पूरा देश देख रहा है और इनको माफ नही करेगा।

राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे कई दिग्गज नेता

राहुल गांधी के घर दिल्ली पुलिस के पहुंचने के बाद कांग्रेस में खलबली मच गई। कांग्रेस के दिग्गज नेता भी राहुल गांधी से मिलने के लिए उनके घर पर पहुंचे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के दिग्गज नेता पवन खेड़ा, शक्ति सिंह गोहिल और अभिषेक मनु सिंघवी भी राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे। साथ ही कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस का यह शर्मनाक कदम साबित करता है कि अडानी मामले पर हमारे सवालों से PM मोदी घबराए हुए हैं। ऐसी हरकतों से हमारा हौसला और मजबूत हुआ है, हम जवाब लेकर रहेंगे। भारत जोड़ो यात्रा और राहुल गांधी ने महिलाओं को अपनी समस्याएं व दर्द साझा करने का एक सुरक्षित मंच दिया था। इसके बाद भी केंद्र उन पर उंगली उठा रहा है।

इसलिए राहुल के आवास पर पहुंची पुलिस

श्रीनगर में अपनी भारत जोड़ो यात्रा के आखिरी दिन राहुल गांधी ने बयान दिया था कि आज भी महिलाओं के साथ यौन शोषण हो रहा है। इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने 16 मार्च को नोटिस देकर जवाब मांगा था। राहुल गांधी नोटिस का जवाब देने के लिए भी तैयार है। लेकिन, दिल्ली पुलिस ने राहुल के आवास पर पहुंचकर बखेड़ा खड़ा कर दिया है। इधर, राहुल गांधी के आवास के बाहर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारी अभी भी राहुल गांधी के आवास पर मौजूद है।

ये खबर भी पढ़ें:-लॉरेंस बिश्नोई ने फिर दी सलमान को धमकी, माफी नहीं मांगी तो मिलेगी मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *