भारत जोड़ो की तरह कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को भी राजस्थान में ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी में अब सभाओं का दौर शुरू हो चुका है। आज पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा जयपुर के जमवारामगढ़ में बैठक ले रहे हैं तो वहीं कल 27 फरवरी को अजमेर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।
आज पीसीसी चीफ डोटासरा ने जयपुर के जमवारामगढ़ में जनसभा की। उन्होंने यहां पर भाजपा की कारगुजारियां और सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। सभी लोगों ने इस यात्रा को बेहद प्यार दिया। समाज के हर वर्ग से राहुल गांधी मिल रहे हैं उनकी समस्याएं सुन रहे हैं, बताइये कौन सा नेता है केंद्र में जो आपके पास आकर आपके सुख-दुख बांटता हो। डोटासरा ने कहा कि अब भाजपा पोस्टर के पीछे ही लड़ रही है कि सतीश पूनिया को यह चुभने लग गया कि भाजपा के पोस्टर में वसुंधरा राजे को भी जगह दी जा रही है। उन्हें अपने लिए जगह खतरे में लगने लग गई। भाजपा के अपने क्लेश खतम नहीं हो रहे उसे राज्य का कहां ध्यान रहेगा।
इधर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी आज रात को जयपुर पहुंच रहे हैं। वे कल अजमेर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इस कार्य़क्रम में सीएम अशोक गहलोत भी शामिल हो सकते हैं, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दरअसल कल 27 जनवरी को सुखजिंदर सिंह रंधावा और अशोक गहलोत दोनों ही अजमेर में होंगे। वे दोनों दिल्ली से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की भेजी गई चादर को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में पेश करेंगे। तो इसकी संभावना है कि रंधावा और गहलोत दोनों हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करें।
अशोक गहलोत कल 27 जनवरी को सुबह 12 बजे पंजाब के जालंधर पहुंचेंगे। यहां वे जालंधर के सांसद स्वर्गीय संतोष सिंह चौधरी के भोग और अरदास कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह समारोह ल्यालपुर खालसा कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सीएम गहलोत जालंधर से दोपहर 2.30 बजे अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट उतरेंगे। इसके बाद वे 3 बजे दिल्ली से सोनिया गांधी की भेजी हुई चादर को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में पेश करेंगे। इसके बाद वे शाम 5 बजे जयपुर पहुंच जाएंगे।