झालावाड़। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार शाम को झालावाड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश कर चुकी है। राजस्थान में राहुल गांधी की यात्रा के एंटर होते हुए चंवली बॉर्डर पर राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया गया। वहीं, राजस्थानी लोक नृत्यों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। झालावाड़ के चंवली बॉर्डर पहुंचने के बाद राहुल गांधी सभास्थल पहुंचे। जहां पर बनाए गए मंच पर राहुल गांधी, कमलनाथ, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, मंत्री अशोक चांदना, प्रमोद जैन भाया, गिरिजा व्यास सहित दर्जनों मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। मंच पर सहरिया आदिवासियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इसके बाद आदिवासी कलाकारों ने राहुल गांधी के साथ सेल्फी ली।
इस दौरान मंत्र से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने सबसे कठिन यात्रा की है। जहां-जहां राहुल जी जा रहे है, कारवां बढ़ता जा रहा है। हर गांव, हर घर तक राहुल गांधी की यात्रा का मैसेज पहुंच रहा है। महंगाई सबको मार रही है ओर बेरोजगारी बढ़ रही है। ऐसे में राहुल गांधी रोजाना 25 किलोमीटर चलकर इन मुद्दों को जनता के सामने उठाने में लगे हुए है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आजादी के बाद सबसे बड़ी यात्रा शुरू की है। जहां-जहां राहुल गांधी जा रहे हैं कारवां बनता ही जा रहा है। पूरे देश की भावना राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के साथ है। भारत जोड़ो यात्रा को देश में जबरदस्त जन समर्थन मिल रहा है। आज देश में सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई और बेरोजगारी है। देश के वर्तमान हालातों को लेकर यह यात्रा निकाली जा रही है।
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में यह पहला प्रदेश है, जहां कांग्रेस सरकार का राज है। ऐसे में राहुल गांधी की यात्रा के स्वागत का अंदाज अलग ही नजर आ रहा है। झालावाड़ जिले में एमपी बॉर्डर तक यात्रा के स्वागत में जगह-जगह बैनर पोस्टर लगे हैं। मध्यप्रदेश-राजस्थान बॉर्डर पर आखिरी सभा के बाद राहुल गांधी ने चंवली बॉर्डर होते हुए झालावाड़ जिले में एंट्री की। इसके साथ ही राहुल गांधी का जयकारों और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया।
बता दें कि सोमवार सुबह छह बजे से यात्रा की शुरुआत राजस्थान में झालावाड़ के काली तलाई से होगी। यात्रा 10 बजे बालीबोरड़ा चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद 3:30 बजे नाहरड़ील और शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। अगले करीब 17 से 20 दिन तक भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में रहेगी। राहुल गांधी राजस्थान में करीब 521 किलोमीटर का सफर तय करेंगे।