झालावाड़। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार शाम को झालावाड़ जिले के रास्ते राजस्थान में प्रवेश कर चुकी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश से भी भव्य राजस्थान में निकलेगी। राजस्थान में चंवली चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आजादी के बाद राहुल गांधी ने सबसे बड़ी कठिन यात्रा शुरू की है। राहुल गांधी जहां-जहां जा रहे है, कारवां बढ़ता ही जा रहा है। हर गांव, हर घर तक राहुल गांधी की यात्रा का मैसेज पहुंच रहा है। महंगाई सबको मार रही है ओर बेरोजगारी बढ़ रही है। ऐसे में राहुल गांधी रोजाना 25 किलोमीटर चलकर इन मुद्दों को जनता के सामने उठाने में लगे हुए है। देश में पनप रहे डर को खत्म करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।
सीएम गहलोत ने कहा मैं अपनी और पूरे प्रदेशवासियों की ओर से राजस्थान की धरती पर राहुल गांधी का स्वागत करता हूं। अभी कमलनाथ जी कह रहे थे कि राजस्थान में गहलोतजी आपकी सरकार है, लेकिन मध्य प्रदेश जितना प्यार यात्रा को नहीं दे पाएंगे। यात्रा मध्यप्रदेश का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाएगी। उन्होंने सभी राजस्थानवासियों को ये चैलेंज दिया है। लेकिन, हम बता देंगे की राजस्थान के मुकाबले राजस्थान कुछ भी नहीं था। कमलनाथ जी हम आपकी चुनौती स्वीकार करते है। आप देखेंगे कि राजस्थान में पूरे 15 दिन तक प्रदेशवासी पलक पावड़े बिछाकर राहुल गांधी और यात्रा का स्वागत करेंगे।
#WATCH | Congress MP Rahul Gandhi, Rajasthan CM Ashok Gehlot & party leaders Sachin Pilot and Kamal Nath take part in a tribal dance in Jhalawar, Rajasthan. pic.twitter.com/18NgWYrWrk
— ANI (@ANI) December 4, 2022Related News
चंवली चौराहे पर आयोजित सभा में सहरिया नृत्य के साथ राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया गया। मंच पर इस नृत्य को देख राहुल गांधी भी अशोक गहलोत, कमल नाथ और सचिन पायलट के साथ डांस करने लगे। इस दौरान सचिन पायलट और अशोक गहलोत ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर साथ में डांस किया। बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज राजस्थान में चंवली चौराहे पर ही रुकगी और राहुल सहित सभी भारत यात्री यही पर ही रात्रि विश्राम करेंगे।
इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में प्रवेश करने पर मध्यप्रदेश बॉर्डर स्थित चंवली चौराहे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, मंत्री अशोक चांदना, प्रमोद जैन भाया, गिरिजा व्यास सहित दर्जनों मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने राहुल गांधी, कमलनाथ, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश की अगवानी की।
बता दें कि सोमवार सुबह छह बजे से यात्रा की शुरुआत राजस्थान में झालावाड़ के काली तलाई से होगी। यात्रा 10 बजे बालीबोरड़ा चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद 3:30 बजे नाहरड़ील और शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। अगले करीब 17 से 20 दिन तक भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में रहेगी। राहुल गांधी राजस्थान में करीब 521 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। इस दौरान दो दिन का ब्रेक होगा। जिसमें राहुल गांधी के चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।