जयपुर- पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कहा कि गहलोत की कांग्रेस के आते ही विकास के ब्रेक लग जाता है। अव्वल तो वह विकास की राह पर चलती है नहीं और चलती भी है तो धीरे-धीरे चलती है। जिस दिन भाजपा की सरकार चली जाती है, उसी रोज़ विकास पर कट ऑफ डेट लग जाता है।
राजे गुरुवार को माउंट आबू में जनसंघ के संस्थापक डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि अब डेढ़ साल बाद भाजपा की सरकार बनेगी और रुके हुए काम पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि बात माउंट आबू की ही नहीं है, पूरे प्रदेश में सफाई के लिए लोगों को आगे आना चाहिए।
राजे ने कहा कि लोग स्वच्छता से जुड़ेंगे, तब ही मोदी जी के स्वच्छ भारत का सपना साकार होगा। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को आगे आना चाहिए और हर जगह सफाई की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। वसुंधरा राजे की इस पहल पर माउंट आबू के भाजपा कार्यकर्ताओं ने घोषणा की कि वे माउंट आबू शहर को स्वच्छ रखेंगे।
इस कार्यक्रम में सांसद देव जी पटेल, बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत, विधायक पूराराम, पूर्व विधायक ओटा राम देवासी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री यूनुस खान, पूर्व जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया, मंडल अध्यक्ष टेक चंद भंभानी, नेता प्रतिपक्ष सुनील आचार्य मौजूद थे। इससे पूर्व उन्होंने अधर देवी और अचलेश्वर महादेव के दर्शन व पूजा अर्चना की।
(Also Read-महाराष्ट्र का सियासी संकट: शिवसेना के बागियों से बोले राउत, ‘लौटो तो छोड़ देंगे अघाड़ी’)