नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। सीएम गहलोत ने AICC मुख्यालय में सोनिया गांधी के चैंबर में उनसे मुलाकात की। साथ ही सोनिया गांधी को भारत जोड़ो यात्रा में आने का न्योता दिया। सोनिया गांधी का जन्मदिन 9 दिसंबर को है। ऐसे में वे अपने जन्मदिन पर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती है। सोनिया के जन्मदिन के दिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कोटा में रहेगी। ऐसे में अब माना जा रहा है कि सोनिया गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती है और बेटे राहुल गांधी के साथ कोटा में अपना बर्थडे मना सकती है।
इसके बाद सीएम गहलोत मीडिया से मुखातिब होते हुए नेशनल मीडिया को राजस्थान आने को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की पूरी मीडिया जो AICC में आती है, उनको निमंत्रण है आप राजस्थान आओ, आपका पूरा ख्याल रखेंगे। नेशनल मीडिया आजादी के बाद सबसे बड़ी यात्रा को बायकॉट कर रही है। देश देख रहा है, मीडिया केंद्र के दबाव में है। नेशनल मीडिया जबाब दे क्यों बायकॉट है ? उसका जवाब दे। क्या वास्तव में गोदी मीडिया बन गया है, यात्रा नहीं दिखाओगे आप। देश में राहुल गांधी को टारगेट करके जो चला रहे थे वो एक्सपोज हो गए है। भारत जोड़ो यात्रा के जरिये राहुल गांधी ने सबको जवाब दिया है है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सीएम गहलोत ने कहा कि यात्रा की पूरी तैयारी है। एंट्री पॉइंट पर मैं कल गया था, लोगों में उत्साह है। यात्रा का रूट तय है, लोग जुड़ रहे हैं। ज्यूडिशियरी, इलेक्शन कमीशन पर दबाव है। ED, CBI पहले ही एक्सपोज हो चुके है। देश के मुद्दों को लेकर राहुल गांधी चल रहे हैं। बीजेपी विचलित हो गई है और लगातार आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कभी खड़गे साहब के नाम से तो कभी और भावनात्मक माहौल बनाने में लगी हुई है। लेकिन, अब ये चलने वाला नहीं है। सोनिया गांधी यात्रा में आए। हम चाहते हैं वो अपना जन्मदिन वहां मनाएं। राजस्थान में यात्रा का ऐतिहासिक क्षण है।
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज राजस्थान के झालावाड़ जिले में एंट्री करेगी। सीएम गहलोत ने कल ही हाड़ौती का दौरा किया और कल शाम वह दिल्ली पहुंचे। जहां पर आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्ल्किाअर्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होने वाली स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में शामिल हुए। बैठक में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल, पी चिदंबरम और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए। बैठक में शामिल होने के बाद सीएम गहलोत दोपहर 2.30 बजे दिल्ली से राजस्थान के लिए रवाना हो गए। सीएम गहलोत दोपहर 3.35 बजे कोटा पहुचेंगे। इसके बाद सांय 4 बजे झालावाड़ जिले के रायपुर पहुंचेंगे।