प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को लेकसिटी को बर्ड पार्क की खूबसूरत सौगात दी। उन्होंने प्रदेश के पहले पक्षी उद्यान के उद्घाटन किया। इन दिनों कांग्रेस के चिंतन शिविर के लिए उदयपुर में प्रवासरत मुख्यमंत्री ने शहर को 48 करोड़ के विकास कार्यों का उपहार दिया। उन्होंने 34 करोड़ की आधुनिक हेल्थ सुविधाएं भी शहरवासियों को समर्पित किया। सबसे पहले उन्होंने गुलाबबाग में बने नए बर्ड पार्क का लोकार्पण किया। इसके बाद एमबी अस्पताल गए, जहां कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के शिलान्यास और लोकार्पण किए। इस दौरान गहलोत के साथ चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा, सीडब्ल्यूसी मेंबर रघुवीर मीणा, उदयपुर प्रभारी रामलाल जाट, वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास, भाजपा विधायक फूलसिंह मीणा सहित तमाम नेता मौजूद रहे।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज एं ड हॉस्पिटल में मुख्यमंत्री गहलोत ने 34 करोड़ के कामों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इनमें हाईटैक 3.0 टेस्ला एमआरआई मशीन, ऑटोप्सी ब्लॉक, 100 बैड के पीआईसीयू, 50 बैड के आईसीयू, सैटेलाइट अस्पताल सेक्टर-6 में लैबोरेटरी और वार्ड, छह खनन क्षेत्रों में टेली मेडिसिन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसी तरह से एमबी अस्पताल में 12 करोड़ से बनने वाले 200 बैड के प्री- फैबरिके टेड स्ट्रक्चर वार्ड का शिलान्यास भी किया।
शहर के बीचोबीच पांच हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में फैले गुलाबबाग के 3.85 हेक्टेयर में बर्ड पार्क बना है। इसमें 12 एनक्लोजर बनाए गए हैं। यहां पर्यटकों को एशियन, अफ्रीकन और अमेरिकी परिंदे दिख सकेंगे। यहां पर किचन, पाथवे, पब्लिक टाॅयलेट भी बनाए गए हैं। साथ ही वेटेरनरी सुविधाएं भी होंगी।
बर्ड पार्क के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुलाबबाग में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की। इस अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक पंकज शर्मा और समिति के सदस्य उपस्थित थे। इसके अलावा सीएम ने सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। यहां परिवादियों ने अपनी-अपनी परिवेदनाएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।