इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 में अपनी पहली जीत की राह देख रही मुंबई इंडियंस के सामने पंजाब किंग्स ने 199 रन का लक्ष्य रखा है। मुंबई इंडियंस को अगर आईपीएल के 15वें सीजन में पहली जीत चाहिए तो फिर आज अच्छा खेल दिखाना होगा। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा का ये फैसला सही साबित नहीं हुआ, क्योंकि मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए।
पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 198 रन बनाए। पंजाब के लिए कप्तान मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने अर्धशतक जड़े, जबकि पंजाब की पारी को फिनिशिंग टच जितेश शर्मा और शाहरुख खान ने दिया। शिखर धवन 70 रन और मयंक अग्रवाल 52 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जितेश शर्मा 30 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि 6 गेंदों में 15 रन शाहरुख खान ने बनाए, जिन्होंने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़े।
मुंबई इंडियंस के लिए 2 विकेट बासिल थंपी को मिले, जबकि एक-एक विकेट जसप्रीत बुमराह, मुरुगन अश्विन और जयदेव उनादकट को मिला। शिखर धवन ने इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। धवन मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने सुरेश रैना को पीछे छोड़ा है। रैना ने मुंबई के खिलाफ 850 रन बनाए थे, जबकि धवन के रनों की संख्या मुंबई इंडियंस के खिलाफ 871 पहुंच गई है।