गर्मी के मौसम में हमें ठंडे-ठंडे पेय पदार्थ बहुत अच्छे लगते हैं। जब कभी हम बाहर से घर आते हैं और ऐसे में कुछ ठंडा पीने को मिल जाए तो बात ही अलग होती है। इस तपती और कड़क गर्मी से हर कोई परेशान है। ऐसे में लोग कूल-कूल रहने के लिए अलग- अलग नुस्खे अपनाते हैं। इस मौसम में डिहाइड्रेशन की समस्या भी बनी रहती है। साथ ही कईं तरह की बीमारियां भी शरीर में घर करने लगती हैं। इस मौसम में पानी की कमी से दस्त और उल्टी की समस्या भी हो सकती है।
इस मौसम में खास ध्यान रखें कि ऐसे ड्रिंक्स जरूर पीएं जो शरीर को हाइड्रेट रखें साथ ही आपको तरोताजा भी रखें। इस गर्मी में अपनी डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करें जो आपको सेहतमंद भी रखे। आइए जानते है कुछ ऐसे पेय पदार्थ के बारे में..
गर्मी के मौसम में नींबू पानी पीना लाभदायक होता है। इसमें काला नमक मिलाकर पीने से स्वाद भी बढ़ जाता है। यह शरीर को शीतलता प्रदान करने के अलावा ऊर्जा भी देता है। यह विटामिन-C का भी अच्छा स्रोत है।
गर्मियों के मौसम में बेल का जूस भी मिलने लगता है। यह शरीर को हाइड्रेट रखता है। बेल में विटामिन-सी की मात्रा पाई जाती है जो कि माइग्रेन के रोगियों में न्यूरोजेनिक सूजन का इलाज करने के काम करता है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। बेल के शरबत को घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है।
तपती गर्मी में ठंडी छाछ पीने से लू जैसी समस्या से भी बचा जा सकता है। इसमें भुना हुआ जीरा पाउडर, पुदीना पाउडर, काला नमक, हींग भी मिलाई जा सकती है। यह भोजन को आसानी से पचाती है। यह आंतों को संक्रमण से बचाती है और अल्सर जैसी बीमारियां नहीं होने देती। लेकिन ध्यान रहे इसे रात के समय नहीं पीएं, रात में छाछ पीने से कफ की समस्या हो सकती है।
गर्मियों में गन्ने का रस आसानी से मिल जाता है। स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ यह सस्ता भी होता है। इसमें शक्कर प्राकृतिक अवस्था में होती है, इसलिए यह आसानी से पच जाती है। यह ग्लूकोज का अच्छा स्रोत है। यह शरीर को गर्मी से बचाने के साथ-साथ ऊर्जा और पोषण भी प्रदान करता हैं।
एक नारियल में लगभग 200 से 250 मिलीलीटर पानी की मात्रा होती है। इसमें बहुत कम कैलोरी होती है जो शरीर का वजन घटाने में सहायक होती है। नारियल पानी में सभी प्रकार के पोषक तत्व पाए जाते है। यह शरीर को ठंडक देने के साथ एनर्जी लेवल भी बढ़ाने का काम करता है। गर्मियों में इसका सेवन काफी फायदेमंद साबित होता है।