HPCA Stadium: कई आउटडोर खेल खेलने के लिए स्टेडियम की आवश्यकता होती है, विशेषतया क्रिकेट (Cricket Stadium) खेलने के लिए। स्टेडियम हमें सभी प्रकार के खेल खेलने, घुड़सवारी व स्विमिंग करने की सुविधाएं उपलब्ध करवाता है। इसके अलावा यह एक ऐसा मंच होता है जहां संगीत व अन्य प्रतियोगिताओं जैसे कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा सकता है।
स्टेडियम वे स्थान होते हैं, जहां एक ही स्थान पर एक साथ दस हजार से लेकर लाखों की संख्या में लोग बैठकर मैच देख सकते हैं। ऐसा ही एक स्टेडियम हैं हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में स्थित एचपीसीए स्टेडियम। यह धर्मशाला शहर में स्थित है तथा इसे दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में से एक माना जाता है। यह चारों ओर से बर्फ से ढके हिमालय पर्वतों से घिरा हुआ है।
इसका पूरा नाम हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (HPCA Stadium) है, जिसे संक्षिप्त रूप में एचपीसीए नाम से जाना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 2003 में हुई थी। इस स्टेडियम में 27 हजार लोग एक साथ बैठ सकते हैं। इस पर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का स्वामित्व है। इस स्टेडियम के दो छोर हैं जिनमें एक का नाम रिवर एंड तथा दूसरे का नाम कॉलेज एंड है। यहां पहला वनडे मैच 27 जनवरी 2013 को खेला गया था जो कि भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। यहां पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच 2 अक्टूबर 2015 को खेला गया था। यह स्टेडियम भारत का एक सुरम्य स्थल होने के साथ-साथ अद्वितीय भी है। समुद्र तल से इसकी ऊंचाई 1,457 मीटर है। कई बार बारिश और बर्फबारी के चलते मैचों के आयोजन में बाधा उत्पन्न होती है।
विश्व का सबसे पुराना ज्ञात स्टेडियम ग्रीस में है, जिसका नाम ओलंपिया का स्टेडियम है। यहां 776 ईसा पूर्व में प्राचीन ओलंपिक खेल आयोजित किए गए थे। शुरुआत में यहां एकल खेल खेले जाते थे। इसमें स्टेडियम की लंबाई के आधार पर स्प्रिंट (दौड़) खेल खेला जाता था। वर्ष 1870 में खुदाई के दौरान यह प्राचीन स्टेडियम मिला। जिसका नवीनीकरण वर्ष 1875 में करवाया गया। इसके बाद वर्ष 1896 में पहला आधुनिक ओलंपिक खेला गया। इस स्टेडियम की खुदाई और नवीनीकरण ग्रीक राष्ट्रीय दाता इवेंजेलोस ज़प्पा की विरासत का हिस्सा था। यह स्टेडियम अब भी इस्तेमाल किया जाता है। इसी को पहला प्राचीन स्टेडियम माना जाता है।
‘स्टेडियम’ शब्द ग्रीक भाषा का शब्द है। जो कि ‘स्टेडियन’ से बना है। स्टेडियम आंशिक रूप से या पूरी तरह एक स्तरीय संरचना से घिरा हुआ होता है। आमतौर पर इसमें मैच देखने के लिए दर्शकों को टिकिट लेना होता है। पॉसानियास के एक उल्लेख के अनुसार स्टेडियम शब्द की उत्पत्ति ओलंपिक खेलों के दौरान हुई।
(Also Read- Knowledge Corner: ‘Wi-Fi’ 100 मीटर की रेंज तक करता है काम, जानें इसके प्रकार)