Rahul Gandhi Defamation Case : देश में कांग्रेस के जन आंदोलन से पहले ही प्रदर्शन, केरल में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, कल राहुल गांधी की प्रेस कांफ्रेंस

नई दिल्ली। मानहानि मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद राहुल गांधी (Rahul Gandhi Defamation Case) की लोकसभा की सदस्यता चली गई है। जिसका…

image 2023 03 24T131103.601 | Sach Bedhadak

नई दिल्ली। मानहानि मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद राहुल गांधी (Rahul Gandhi Defamation Case) की लोकसभा की सदस्यता चली गई है। जिसका पूरे देश भर में विपक्ष विरोध कर रहा है। अब कल यानी शनिवार को राहुल गांधी इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दोपहर 1:00 बजे दिल्ली स्थित AICC के मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की सदस्यता रद्द करने के विरोध में आज कई राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इसे लेकर लखनऊ पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

तो वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी युवा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान आपस में भिड़ गए यहां तक कि उनमें पथराव भी हुआ। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है। वहीं केरल के तिरुअनन्तपुरम में राहुल गांधी की अयोग्यता को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजभवन तक पैदल विरोध मार्च निकालकर जमकर प्रदर्शन किया। विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया।

इस मामले पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि यह सरकार अपने ऊपर उठ रहे सवालों से डरी हुई है। यह योजना के तहत किया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राहुल गांधी संसद में नहीं रहें… हम डरे नहीं हैं, हम लड़ते रहेंगे।

Rahul Gandhi के समर्थन में पूरे देश मे 27 मार्च से जन आंदोलन

राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के बाद आज शाम 5 बजे दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय पर सभी कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई थी। जिसमें इस मुद्दे और अडाणी-हिंडनबर्ग मामले में जेपीसी जांच की मांग को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक के बाद कांग्रेस सांसद और संगठन महासचिव जयराम रमेश ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस पूरे देश में जन आंदोलन शुरू करेगी। हम सभी लोग इसे जन आंदोलन के रूप में आगे लेकर जाएंगे। यह कार्यक्रम 27 मार्च से यानी सोमवार से शुरू होगा।

हर घर में बताएंगे मोदी के खिलाफ आवाज उठाने पर क्या होता है

जयराम रमेश ने कहा कि अभी हमारा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। इसी के साथ हम राहुल गांधी के इस मुद्दे पर जनचेतना कार्यक्रम और संविधान बचाओ अभियान चलाएंगे। जयराम रमेश ने कहा कि इन कार्यक्रम के जरिए पूरे देश को बताया जाएगा कि अगर कोई मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसकी यह हालत कर दी जाती है। राहुल गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाई तो उन्हें लोकसभा की सदस्यता से हाथ धोना पड़ा।

वहीं राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता खत्म होने के बाद अब लोकसभा की वेबसाइट से भी राहुल गांधी का नाम हटा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *