पूर्व CM दिग्विजय सिंह की कार ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, पुलिस ने गाड़ी की जब्त, सामने आया CCTV फुटेज

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की गाड़ी से एक बाइक सवार युवक का भीषण एक्सीडेंट हो गया। दिग्विजय सिंह…

image 9 | Sach Bedhadak

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की गाड़ी से एक बाइक सवार युवक का भीषण एक्सीडेंट हो गया। दिग्विजय सिंह की गाड़ी ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे युवक बाइक से उछलकर खंभे से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के तुरंत बाद दिग्विजय सिंह ने गाड़ी रुकवाई और खुद उतर कर घायल युवक को पहले तो स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन युवक की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल के चिरायु अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने पूर्व सीएम की गाड़ी जब्त कर सीज कर दी है।

दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बीते गुरुवार को राजगढ़ जिले के कोडक्या गांव के दौरे पर गए थे। वे कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित की मां के निधन पर शोक व्यक्त करने गए थे। वापस आते वक्त जीरापुर के पास विजय कॉन्वेंट स्कूल के सामने उनकी गाड़ी से बाइक सवार को टक्कर लग गई।

खुद दिग्विजय सिंह ने गाड़ी से उतरकर युवक को अस्पताल में कराया भर्ती

इस हादसे की पूरी वारदात एक CCTV में कैद हो गई जिसमें साफ-साफ देखा जा सकता है कि कैसे दिग्विजय सिंह की गाड़ी से एक बाइक सवार जोरदार तरीके से टकरा गया और गंभीर घायल हो गया। दरअसल राजगढ़ में जिस समय यह हादसा हुआ उस समय जीरापुर के पास बाइक सवार 20 वर्षीय रामबाबू अपनी गाड़ी को मोड़ रहा था लेकिन उसी वक्त दिग्विजय सिंह अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ उसी रोड पर अपनी काली फॉर्च्यूनर में सवार होकर आ रहे थे, उनकी गाड़ी तेज रफ्तार में थी, जैसे ही युवक ने गाड़ी मोड़ी वैसे ही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक उछलकर खंभे से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *